शुक्रवार, 2 मार्च 2012

लिखना.छपना और बिकना

एक मशहूर किस्सा सुना था, किसी लेखक के बारे में-जब उनसे किसी ने पूछा कि जनाब आप करते क्या हैं, उन्होंने कहा मैं लिखता हूं। इस पर उस व्यक्ति ने कहा- लिखते तो हैं, ठीक है, लेकिन करते क्या हैं। सीधी बात ये है कि उस व्यक्ति की नजर में लिखना कुछ नहीं है। ये बेशक एक सुना सुनाया किस्सा है, लेकिन लिखने से जुड़ा एक बड़ा सवाल भी, कि लिखना, खासतौर पर हिंदी भाषा का लेखक होना कितने मायने रखता है हिंदी समाज में। किताब मेला जाने के दौरान इन सवालों से सीधा सामना हुआ।

मेले में ढेरों किताबें थी। कुछ पुरानी फेमस किताबें, नए कवर के साथ और कुछ नई किताबें नए लेखकों के साथ। कई किताबों के लोकापर्ण हो रहे थे। कुल मिलाकर माहौल ये था कि कई लोग छपने की कतार में हैं। कई लिखने की तैयारी में। और कई लिखकर तैय़ार खड़े हैं बिकने के इंतजार में। और जो बिक रहे हैं लगातार, धड़ाधड़, वो शायद दूसरा या तीसरा जन्म भी ले चुके होंगे अब तक। तमाम नामी गिरामी प्रकाशनों और लेखकों से इतर कई किताबें यूं हीं थी किताब मेले में। कवर पर नाम और कलर होने के बावजूद भी भीड़ भरी स्टॉलों की गहमा गहमी के बीच लोग अलटते पलटते और फिर निकल पड़ते। अगर इन किताबों की कद्र भी तब होगी, जब इन्हें लिखने वाला मर चुका होगा तो लिखना तो बेकाम ही रह जाएगा और लेखक गुमनाम ही। यहां से फिर वो सवाल खड़ा होता है कि ऐसे समाज में जहां लिखना आपकी पुख्ता पहचान नहीं है। जब आप लिखते हैं तो ये कोई खास काम नहीं है, आपकी पहचान उस खास काम से है, जो लिखना नहीं है। ऐसे में आप ऐसा क्या लिखेंगे कि वो आपकी पहचान बन जाए।
कुछ ऐसा जो समाज के संस्कारों के खिलाफ हो, जिस पर तुरंत विवाद शुरू हो जाए और हर कोई ये देखना चाहे कि भई ऐसा क्या लिख दिया। 
या फिर कुछ ऐसा भी लिखा जा सकता है जिस पर आज तक न लिखा गया हो
ये दोनों ही काम आम नहीं हैं। कुछ भी रचनात्मक लिखने से पहले प्रायोजन तय नहीं किया जा सकता। और ये चमत्कार सरीखा भी नहीं है कि ऐसा हो जो आज तक न हुआ हो। सवालों के इस शोरगुल के बीच भी हिंदी की लेखकीय दुनिया में एक अजीब सा सन्नाटा है लिखने को लेकर। लोग आवाज को सुनना नहीं चाहते उन्हें सिर्फ शांति की तलाश है। एक ऐसी शांति जो हर आवाज को दबा देना चाहती है। इस पर विडंबना ये है कि वो खरीदते उसे ही है जिसके आने से शोर हो। पता नहीं इस विडंबना से पार पाने में कितना वक्त लगेगा। 

सिर्फ किताब मेले के दौरान ही नहीं, इन दिनों लगातार इस अनुभव से गुजरना हो रहा है क‌ि हिंदी मीडिया और लेखन की दुनिया में ब्रांडिंग, मार्केट‌िंग, प्रोफेशेनलिज्म का अभाव है। अंग्रेजी अखबार की खबर एकदम पुख्ता और विश्वसनीय हो सकती है लेकिन ह‌िंदी अखबार की खबर सिर्फ खबर है जिसकी प्रमाणिकता अंग्रेजी से ही सिद्ध हो सकती है। हिंदी में काम करने वाले लोगों को नकल करने का चसका है उनका खुद की कल्पना और रचना का धरातल लगातार ‌सिकुड़ता जा रहा है। लिखने वाले भी अंग्रेजी में ही छपना चाहते हैं, पढ़ने वाले भी समझ आए या न आए अंग्रेजी में ही पढ़ना चाहते हैं। एक अजीब सा भेदभाव नजर आता है ह‌िंदी के साथ। जैसे किसी के अपने ही घर में उसे सब परिवार वाले प्यार तो करते हों लेकिन इजहार करने
में सकुचाते हों।

हाल ही में एक प्रतिष्ठित मैग्जीन के संपादक और ह‌िंदी के लेखक से हिंदी लेखन की दुनिया में लेखक के लिखने, छपने और बिकने को लेकर एक चैंट‌िंग कांफ्रेस‌िंग हुई। इस बातचीत में
उन्होंने ह‌िंदी लेखन की इस स्थित‌ि का कारण कुछ इस तरह बताया-
दुरुस्त मार्केट‌िंग योजना की कमी
प्रकाशकों का अड़‌ियल रवैया
जोड़-जुगाड़ की राजनीत‌ि
और हिंदी के पाठकों में खरीदने की क्षमता का अभाव।

मेरी बातः  लिखना मेरे ल‌िए एक शौक और एक नशे से ज्यादा एक बेइंतहा मोहब्बत और बेहद जरूरी जरूरत की तरह है। इसल‌िए मैं ये चाहती हूं क‌ि हिंदी लेखन की दुनिया एक नई सोच के साथ समृद्ध हो जहां लिखने को समझने वाले और प्रासंगिक लिखने वाले लोग आएं ताकि लिखना यूं ही न रहे एक अच्छा काम बन सके। यहां मेरे ल‌िए सबसे बड़ा सवाल ये है क‌ि
मैं इस दिशा में कितना बेहतर प्रयास कर पाती हूं और आने वाली चुनौतियों से कितना अच्छे से मुकाबला कर पाती हूं।













शनिवार, 25 फ़रवरी 2012

पुरुष प्रधान कविता



नाबालिग लड़की से बलात्कार
पत्नी पर, शराबी पति का अत्याचार
बेटी के प्यार पर, बाप का प्रहार
ऐसी तमाम खबरों को लिखने 
और पढ़ने के बावजूद भी
मैं अपनी रचनात्मकता की फेहरिस्त में
जोड़ना चाहती हूं
एक पुरुष प्रधान कविता,
एक धारावाहिक
या ऐसी कहानी
जो पुरुष के अहसास और अनुभव बयां करे
लेकिन सांचों में ठिठके
इस तबके की तारीफ अफजाई के लिए
मुझे लंबा इंतजार करना होगा
या फिर जल्द ही
किसी आदमी को पुराने सांचों को तोड़
बाहर निकलना होगा
मिसाल बनना होगा
ताकि मेरी रचनात्मकता को
एक तथ्य मिल सके
और महिला समाज को एक उम्मीद

शुक्रवार, 13 जनवरी 2012

बस एक दिन

कुछ दिन पहले अलमारी की सफाई करते हुए अपनी पुरानी डायरियां पढ़ी
बहुत पुरानी, जब मैं ११ साल की थी
मैंने एक डायरी बनाई थी जिसमे मैं अपने मन की सारी बातें लिखती थी
जैसे आज स्कूल में क्या हुआ
मम्मी की तबियत खराब होने पर
या मेरी किसी प्रतियोगिता के बारे में 
और ऐसे बातें भी जो किसी किताब में पढ़कर
मुझे अच्छी लगती थी 
या कोई अच्छा सा गेम
क्योंकि मैं अक्सर कागज और कलम से खेले जाने वाले खेल ही खेलती थी  जैसे नेम, प्लेस, थिंग. या कोई लव गेम जैसे फ्लेमस... जिससे ये पता चल जाता था कि जिसके बारे में आपके मन में फीलिंग है उससे आपका रिश्ता क्या होगा, इन बातों को सोचती हूँ और डायरी में जब फिर से वही सब देखा सपनो का एक चंचल सा संसार तो लगा कि माँ के गर्भ से बाहर आने पर भी जब मैंने आंखे झोली होंगी तो मेरा कोई सपना ही टुटा होगा,  जिसकी भरपाई ये तमाम सपने भी मिलकर नही कर पा रहे. और मैं रात दिन- शाम दोपहर, हर पल नाजायज से ख्वाबों का बोझ पलकों में लिए घूम रही हूँ. वो पुरानी कवितायेँ  जो सवाल लेकर तब खड़ी थी वही सवाल आज वाली नई कवितायों में भी हैं. वही सवाल कि जिंदगी क्या
है, प्यार, दोस्ती, रिश्ते, अकेलापन, लक्ष्य, मंजिलें, रास्तें और वही सब. अब नफरत हो गई है इस वही सब से. जिंदगी इन्ही चीजों पर  घूम फिरकर लौटती रहती है...
कुछ ऐसी  बंदिशे हैं जिन्हें एक दिन के लिए ही सही लेकिन मैं तोड़ देना चाहती हूँ मरोड़ देना चाहती हूँ
जिंदगी के तमाम दिन गुजारते हुए
जिंदगी जीने के लिए एक दिन चाहती हूँ
बस एक दिन
लेकिन पता है !
परेशानी क्या है ?
पहली परेशानी तो यही है कि वो सारी डायरियां
ये सारी ब्लॉग पोस्ट
ये सब एक कसक का नमूना बनती जा रही हैं
जिसे मैं सहेजना भी चाहती हूँ
और
समेट भी लेना चाहती हूँ
और फिर उस एक दिन का जिक्र
जब जिंदगी
जिंदगी की तरह मिली
यूँ ही
हर हाल में
खुश रहने के
फलसफे की तरह नही



बुधवार, 4 जनवरी 2012

जब दो वक़्त मिलते हैं

वक़्त वक़्त की बहुत सी बातें है
शाम के एक ख़ास वक़्त पर
माँ कहती है
धुप बत्ती करो
संध्या समय है
उस वक़्त वो बाल नहीं सवारने देती
दर्पण में नहीं निहारने देती
ये  उनका एक अंध विशवास लगता है
पर जब माँ कहती है
दो वक़्त मिल रहे हैं इस वक़्त
दरिया भी रुक जाता है ...
तो ये मुझे
अपना एक
अनछुआ अहसास लगता है
जैसे वक़्त के रुक जाने की कल्पना से
मन सिहर जाता है
वक़्त आगे बढ़ने लगता है
तो जी घबराता है
.
.
ये माँ कैसी बातें करती है
कि इस वक़्त
एक वक़्त
दूसरे वक़्त
से मिल जाता है
जैसे सुबह को शाम
अपने आगोश में ले लेती हो
या सूरज की  देह
चाँद बनकर निकलती हो
दरिया कितना खुशनसीब है
जो वो रुक पाता है
ये देखने के लिए
मेरा तो सारा वक़्त ही
उस वक़्त की कल्पना करने में निकल जाता है


रविवार, 1 जनवरी 2012

नए साल पर कुछ पुरानी बातें

कुछ लफ्जों में कसक है
कुछ में है महक
जो कुछ  कहना है
इन दोनों के
दरम्यान की  एक  बात है
फिर सोचती हूं चुप रहूं
तुम्हें  एक  मौका  दूं
खामोशी को  पढऩे का
------
संक्रमण का अजीब सा वक्त है ये
सुनसान रास्तों पर महफिल सी मंजिल का  सपना है
जज्बातों और जरूरतों की  दौड़ में
एक रहस्मयी जुस्तुजु की  जीत तय हो गई है
अब हम ऐसे रास्तों पर हैं
की  मंजिल पीछे छूट गई है।
------
आंचल पसंद है मुझे
पर मैं इस आंचल को  ही
अपनी आरजू का परचम बनाकर
लहराना चाहती हूं
------
रात में नींद नदारद
दिन में सपनों की  पैठ
किसी  उलझन में है वक्त
या यही नई उम्मीद की  शुरुआत है
------
अंधेरों में एक  लौ जलती रहे बस
कम से कम चकाचौंध से
अंधे होने का  डर तो न हो।

मंगलवार, 27 दिसंबर 2011

जिनका है अंदाजे बयाँ और

गुलजार की बनवाई हुई ग़ालिब की तस्वीर
ग़ालिब की हवेली में ८० साल से रह रहे फखरुद्दीन बाबा
दोपहर की  अंगड़ाई। दुकानों पर मसरुफ लोग। सभी गलियों सी तंग  गली। तारीखी इमारतें, पुराने खंडहरात। कुछ  दीवारों पर इश्तहार तो कुछ पर पान की पीक की छींटे। इसी सिलसिलें में शामिल एक  दीवार पर, कुछ तस्वीर, एक नाम ‘मिर्जा असदुल्लाह खान गालिब’।  बल्लीमारान की ये गली कासिम  जान ऐसे लगती है मानो ‘पुरानी दिल्ली कितनी  बदली’ विषय पर छिड़ी बहस में शामिल एक पेचीदा दलील हो। जो चीख-चीख कर  नहीं, बेहद खामोशी से ये कह  रही है की  ये दिल्ली गालिब की  वही दिल्ली है जिसका  अंदाजे-बयां आज भी कुछ  और है। गालिब ने बल्लीमारान की इस हवेली में 1860 से 1869 तक का  वक्त बिताया। जो उनकी  जिंदगी का आखिरी वक्त था। इस हवेली ने गालिब की शेरो-शायरी की  महफिल भी देखी है और ये हवेली उनकी तन्हाई के आलम की  भी गवाह है। फर्क  सिर्फ इतना है की अब ये हैरिटेज बिल्डिंग बन गई है। कुछ  लोग विदेशों से इसके  दरो-दीवार पर सिर्फ गालिब की  रूह को  महसूस ·रने चले आते हैं। तो कुछ  अक्सर आते-जाते भी इसे अनजान सा बना जाते हैं। लेकिन  पिछले 80 सालों से यहां रह रहे फखरुद्दीन बाबा कहते हैं आप अभी क्यों आई हैं 27 दिसंबर को  आना। 27 दिसंबर यानि मिर्जा गालिब का जन्मदिन। तब आप जान पाएंगी की यहां कुछ  नहीं बदला। वही महफिलें हैं, वही नफासत। वही अदब और वही शायरी जिसे गालिब गुनगुनाते थे। दिल्ली के सौ साल से भी बहुत पुरानी है पुरानी दिल्ली की  ये हवेली। दिलचस्प ये है की  गालिब के  इतने ·रीब रहने वाले बाबा को  शायरी से कोई  लगाव नहीं है। लेकिन  गालिब से दिल की  ऐसी लगन है की
जब वालिद मियां ने हवेली छोड़ साउथ दिल्ली में कोठी  बनाने के  लिए कहा तो नाराज हो गए। बताते हैं, शायरी में मेरी यूं भी कोई दिलचस्पी नहीं रही मगर उस शायर के किस्से  दिल खुश कर  देते हैं जिसने बर्फी और जलेबी दोनों को  मिठाई बताकर  हिंदू और मुस्लमान दोनों को  भाई बना दिया था। ये भाईचारा आज भी यहां सांसें लेता है।



रविवार, 18 दिसंबर 2011

एक जरुरी कवि


सुबह सुबह दफ्तर से फ़ोन आया अदम गोंडवी नही रहे. उनके लिए कुछ खास सामग्री इकठा करनी थी. ख़ास पेज के लिए. साहित्य मेरे लिए सांसों की तरह है और ये नाम बिलकुल अनजान. ये बात मेरे बॉस को भी शायद ठीक नही लगी जब उन्होंने मुझसे पूछा-जानती हो न अदम जी को, आज उन्ही पर काम करना है.. और मैंने अन्म्नाते हुए कहा, जान लुंगी सर जल्दी पहुँचती हू दफ्तर. लेकिन अनमनी से न मेरे भीतर कुल्बुका रही थी. कलाकार हैं या कवि. कौन है ये. मैं कैसे नही जानती इन्हें. कहाँ सूना है इनका नाम. एक दोस्त को फोन किया उन्होंने तुरंत एक ही बार में अदम जी का पूरा परिचय उनके अल्फाज मेरे सामने रख दिए और मेरी सोई हुई स्मृति अचानक जगी, बहुत साल पहले एक वाद विवाद प्रतियोगिता में मैंने शुरुआत ही इन पंक्तियों से की थी ...

 मुक्तिकामी चेतना अभ्यर्थना इतिहास की
यह समझदारों की दुनिया है विरोधाभास की

आप कहते हैं इसे जिस देश का स्वर्णिम अतीत

वो कहानी है महज़ प्रतिरोध की ,संत्रास की

यक्ष प्रश्नों में उलझ कर रह गई बूढ़ी सदी

ये परीक्षा की घड़ी है क्या हमारे व्यास की?

इस व्यवस्था ने नई पीढ़ी को आखिर क्या दिया

सेक्स की रंगीनियाँ या गोलियाँ सल्फ़ास की

याद रखिये यूँ नहीं ढलते हैं कविता में विचार

होता है परिपाक धीमी आँच पर एहसास की. 



तब नही जानती थी कि किनके अल्फाजों को अपने पक्ष का हथियार बना रही हूँ...आज जानें क्यों उनके जाने पर ऐसे लग रहा है कि कोई अपना बिना मिले ही चला गया. अफ़सोस भी है और अपनी अन्जानियत का गहरा अहसास और आघात भी. एक मित्र या कहूँ कि वरिष्ठ मित्र और  आलोचक हैं मेरे जो अक्सर मेरी कवितायेँ पढ़कर  कहते है -ये क्या लिखती रहती हो चाँद, सूरज, आसमान और धरती. प्यार इश्क और फूल पत्ते, एक ऐसे कविता लिखो जो जरुरी हो तुम्हारे लिए नही सबके लिए आम इंसान और देश दुनिया के लिए. लेकिन आज उनकी ये बात मुझे फी याद आई और लगा एक जरुरी कवि चला गया जिसकी हर कविता जरुरी थी और हमारे लोगों कि जरुरत भी..
ये साल तमाम बड़े नाम हमें अलविदा कह चुके हैं सिलसिलेवार
मैं तो किसी के नीजी जीवन में शामिल नही थी
न ही किसी कि बहुत बड़ी प्रशंसक
मकबूल फ़िदा हुसैन के जाने पर लगा इन्हें क़तर जाने की बजाय इनकी कदर होनी चाहिए थी देश में ही
भूपेन हजारिका गए तो लगा कि एक समाज कि जलती हुई लौ से घी ख़त्म हो गया
देव साहब की जिन्दादिली और उनकी दिनचर्या से हमेशा अपनी सोच के अंधेरों में घिरा होने पर प्रेरणा ली है मैंने तो उनका जाना मेरे लिए मेरी एक उम्मीद का टूटना था
लेकिन अदम जी तो एक अनजान बनकर मेरे आस पास अपने शब्दों के रूप में  रहे और जाते जाते इतना परिचित कर गए कि मैं बेहद शर्मिंदगी महसूस कर रही हूँ कि इतने जरुरी कवि को नही जानती थी मैं और कविता लिखती हूँ
क्या मैं लिख पाऊँगी कभी कोई जरुरी कविता ?
 

कमजोरी

उस दिन हैंड ड्रायर से हाथ सुखाते हुए मैंने सोचा काश आंसुओं को सुखाने के लिए भी ऐसा कोई ड्रायर होता . . फिर मुझे याद आया आंसुओं का स...